BSEH: Online Registration Secondary/ Sr. Secondary Annual Exam Feb./March 2027 (सैकेण्डरी एवं सीनियर सैकेण्डरी वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 अक्तूबर से शुरू, 26 नंवबर तक बिना विलंब शुल्क करें आवेदन )

  हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा सैकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी (नियमित) एवं गुरूकुल/विद्यापीठ (पूर्व मध्यमा सह माध्यमिक/उत्तर मध्यमा सह वरिष्ठ माध्यमिक) वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2027 के लिए 30 अक्तूबर, 2026 से ऑनलाइन आवेदन-पत्र लाईव होंगे। संबंधित विद्यालय मुखिया बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर निर्धारित तिथियों अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।  
इस आशय की जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि सैकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी स्थाई/अस्थाई मान्यता प्राप्त राजकीय/अराजकीय विद्यालयों एवं गुरूकुल/विद्यापीठ वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2027 के लिए 30 अक्तूबर से 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क आवेदन कर सकते हैं। इसके पश्चात 27 नवंबर से 30 नवंबर तक 100/- रूपये विलंब शुल्क सहित, 01 दिसंबर से 04 दिसंबर तक 300/- रूपये विलंब शुल्क सहित तथा 05 दिसंबर से 08 दिसंबर, 2026 तक 1000/- रूपये विलंब शुल्क सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि उपरान्त कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। 
उन्होंने आगे बताया कि सैकेण्डरी परीक्षा हेतु नियमित परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 1150/- रूपये, माईग्रेशन शुल्क 100/- रूपये कुल 1250/- रूपये के साथ-साथ 100/- रूपये प्रति प्रायोगिक विषय परीक्षा शुल्क अलग से देय होगा। इसी प्रकार सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा हेतु नियमित परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 1200/- रूपये, माईग्रेशन शुल्क 100/- रूपये कुल 1300/- रूपये शुल्क तथा प्रति प्रायोगिक विषय परीक्षा शुल्क100/- रूपये अलग से निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त यदि सीनियर सैकेण्डरी परीक्षार्थी द्वारा अतिरिक्त विषय की परीक्षा दी जानी है, तो उसे परीक्षा शुल्क के अलावा 200/- रूपये अतिरिक्त विषय शुल्क जमा करवाना होगा। 
  उन्होंने बताया कि विद्यालयी/गुरूकुल/विद्यापीठ मुखिया ऑनलाइन पंजीकरण के लिए शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक पर लॉगिन करें। सभी विद्यालय/गुरूकुल/विद्यापीठ के मुखिया बोर्ड वेबसाइट व संबंधित विद्यालयों की लॉगिन आई.डी. पर दिए गए दिशा-निर्देशों को भली-भांति पढऩे उपरांत ही समय रहते परीक्षार्थियों के ऑनलाइन पंजीकरण करना सुनिश्चित करें। 
बोर्ड अध्यक्ष ने सभी संबंधित विद्यालयों के मुखियाओं को निर्देश देते हुए कहा कि जिन परीक्षार्थियों के ऑनलाइन आवेदन भरे जाने हैं, उनके विवरण विद्यालय रिकार्ड अनुसार सही होने चाहिए, इसलिए आवेदन करते समय विवरणों को भली-भांति जांच लें। यदि आवेदन-पत्र में किसी प्रकार की कोई त्रुटि पाई जाती है, तो विद्यालय मुखिया स्वयं ज़िम्मेवार होंगे। परीक्षा आरंभ होने पर फोटो/हस्ताक्षर संबंधी त्रुटि ठीक नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों के आवेदन ऑनलाइन करते समय अपार आई.डी. (UDISE Code)को ऑप्शनल तथा यू-डायस कोड (APAAR ID)के कॉलम को पूर्ण रूप से भरना अनिवार्य है। उन्होंने आगे बताया कि ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी समस्या के समाधान के लिए हैल्पलाईन नंबर 01664-254300 पर संपर्क कर सकते हैं।

No comments:

Post a Comment